सुविवि बना राजस्थान का पहला पेपरलेस और फाइललेस विश्वविद्यालय

Share

शिक्षा : राजकाज पोर्टल लागू, अब डिजिटल हस्ताक्षरों से होंगे सभी प्रशासनिक कार्य; ई-गवर्नेंस की दिशा में ऐतिहासिक पहल
उदयपुर, 11 जून:
मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय (सुविवि) ने प्रशासनिक कार्यों के डिजिटलीकरण में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए राजस्थान सरकार के राजकाज पोर्टल को नियमित कार्यालयीन कार्यों में लागू कर दिया है। इसके साथ ही विश्वविद्यालय प्रदेश का पहला ऐसा विश्वविद्यालय बन गया है, जहां प्रशासनिक कार्यों का संचालन पूरी तरह डिजिटल माध्यम से शुरू किया गया है। इस व्यवस्था से पत्राचार, फाइलों की आवाजाही और अनुमोदन प्रक्रियाएं ऑनलाइन संचालित होंगी, जिससे विश्वविद्यालय “पेपरलेस और फाइललेस” कार्यप्रणाली की ओर अग्रसर हो गया है।
विश्वविद्यालय प्रवक्ता डॉ. कुंजन आचार्य ने बताया कि राजकाज पोर्टल के माध्यम से फाइलों और पत्रावलियों की डिजिटल मूवमेंट तथा ऑनलाइन निस्तारण संभव होगा। इसकी कार्यक्षमता का सफल परीक्षण करते हुए कुलसचिव डॉ. बी.सी. गर्ग ने पोर्टल के जरिए कुलपति प्रो. कैलाश डागा को संदेश भेजा, जिसका तत्काल उत्तर प्राप्त हुआ। इसके बाद कुलसचिव ने डिजिटल हस्ताक्षरों का उपयोग करते हुए विश्वविद्यालय सभागार की मरम्मत संबंधी पत्र जिला कलेक्टर को ऑनलाइन प्रेषित किया।
कुलपति प्रो. कैलाश डागा ने इस पहल को विश्वविद्यालय प्रशासन के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे समय और श्रम की बचत होगी तथा प्रत्येक फाइल और पत्र की वास्तविक समय में निगरानी संभव हो सकेगी। इससे कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और गति बढ़ेगी, जबकि कागज की खपत में भी उल्लेखनीय कमी आएगी।