आश्वासन के बाद सुविवि छात्रों की भूख हड़ताल समाप्त

Share

कुलपति ने नारियल पानी पिलाकर तुड़वाया अनशन, छात्रसंघ चुनाव पर सरकार को भेजा जाएगा पत्र
उदयपुर, 5 अगस्त
: मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी (एमएलएसयू) में विभिन्न मांगों को लेकर चल रही छात्र नेताओं की भूख हड़ताल बुधवार दोपहर दूसरे दिन समाप्त हो गई। कुलपति प्रो. कैलाश डागा ने आंदोलनकारी छात्र नेताओं को नारियल पानी पिलाकर अनशन समाप्त कराया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने साइंस कॉलेज के एक प्रोफेसर पर लगे प्रताड़ना के आरोपों की 15 दिन में निष्पक्ष जांच कराने तथा छात्रसंघ चुनाव कराने संबंधी मांग का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने का आश्वासन दिया।
प्रशासनिक भवन के बाहर छात्र नेता कुणाल सेन, सूरज सिखवाल और जेके मीणा मंगलवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे। आंदोलनकारियों ने साइंस कॉलेज के जूलॉजी एवं फूड साइंस विभाग के एक प्रोफेसर पर छात्र-छात्राओं और गेस्ट फैकल्टी को प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। साथ ही छात्रसंघ चुनाव बहाल करने, छात्रसंघ शुल्क का लेखा-जोखा सार्वजनिक करने, लंबित इंटरनल और एक्सटर्नल परीक्षाएं एक माह में कराने तथा छात्रों पर दर्ज मुकदमों की समीक्षा जैसी मांगें भी उठाईं। प्रशासन के लिखित आश्वासन के बाद छात्रों ने आंदोलन फिलहाल समाप्त कर दिया।