यूजीसी रोलबैक और लाठीचार्ज के विरोध में उदयपुर में होगा प्रदर्शन

Share

सवर्ण-ओबीसी संगठनों की बैठक, सोमवार को कलेक्ट्रेट पर ज्ञापन; मांगें नहीं मानीं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
उदयपुर, 5 अगस्त:
जयपुर में यूजीसी रोलबैक की मांग को लेकर हुए आंदोलन के दौरान लाठीचार्ज के विरोध में उदयपुर में सवर्ण एवं ओबीसी समाज के विभिन्न संगठनों ने आंदोलन का ऐलान किया है। बुधवार को नगर निगम के समीप बजरंग सेना मेवाड़ कार्यालय में आयोजित सर्व समाज की बैठक में सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर जिला कलेक्टर के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया।
बैठक में आंदोलन के दौरान जान गंवाने वाले देवराज सिंह पलाड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने यूजीसी रोलबैक को निरस्त करने, मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने तथा लाठीचार्ज के जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने की मांग उठाई।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि सात दिन के भीतर सरकार ने मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो उदयपुर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर बंद और चक्का जाम जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन छात्रों के भविष्य और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए है।
बैठक में विप्र फाउंडेशन, विप्र सेना, मेवाड़ क्षत्रिय महासभा, करणी सेना के विभिन्न घटक, बजरंग सेना, शिवसेना तथा विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ पदाधिकारी और छात्र नेताओं सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।