250 विद्यार्थियों ने दिखाए तकनीकी नवाचार तो खोजे व्यवहारिक समाधान
उदयपुर, 28 सितम्बर: मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के आईटी एवं कंप्यूटर साइंस विभाग द्वारा स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन में सोमवार को इंटरनल हैकाथॉन का आयोजन हुआ। बीसीए ऑडिटोरियम में हुए इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और समस्या-समाधान की क्षमता को बढ़ावा देना था। इस प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय के लगभग 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
आधुनिक तकनीकों और AI पर आधारित प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन
हैकाथॉन के दौरान विभिन्न छात्र टीमों ने वास्तविक जीवन की समस्याओं और समसामयिक चुनौतियों पर आधारित अपने नवीन तकनीकी समाधान प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीकों का उपयोग करते हुए अपने विचारों को वर्किंग प्रोजेक्ट्स के रूप में प्रदर्शित किया। उन्होंने निर्णायक मंडल के समक्ष अपने प्रोजेक्ट्स की कार्यप्रणाली, तकनीकी विशेषताओं और व्यावहारिक उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. अविनाश पंवार, दीप्ति श्रीमाल, मोहित गोखरू, डॉ. हिमानी पालीवाल एवं विमला डांगी उपस्थित रहे। निर्णायकों ने छात्र टीमों के प्रोजेक्ट्स का मूल्यांकन नवाचार, तकनीकी प्रस्तुति, व्यावहारिक उपयोगिता, रचनात्मकता और समस्या-समाधान क्षमता के मानकों पर किया। इंटरनल हैकाथॉन के सफल आयोजन और समन्वय में सिंगल पॉइंट ऑफ कांटेक्ट नमिता सिंह चौहान के साथ डॉ. ममता राठौड़, डॉ. नयना पोरवाल, डॉ. मीना कुशवाहा, डॉ. परवीन बानो एवं डॉ. प्रियंका आमेटा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने आयोजन से जुड़ी सभी गतिविधियों के समन्वय, संचालन और विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान करने में सक्रिय सहयोग दिया।