स्वच्छता सर्वेक्षण टीम ने परखी उदयपुर की हकीकत

Share

रेलवे-रोडवेज स्टेशन से मंदिरों तक लिया फीडबैक, 9,664 नागरिक दे चुके राय
उदयपुर, 15 जून:
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत भारत सरकार की केंद्रीय टीम इन दिनों उदयपुर की सफाई व्यवस्था का जमीनी स्तर पर आकलन कर रही है। टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों से सीधे फीडबैक ले रही है और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन कर रही है।
सूत्रों के अनुसार टीम ने हर्षनगर सहित विभिन्न वार्डों का दौरा कर नियमित सफाई, कचरा संग्रहण और गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण को लेकर नागरिकों की राय जानी। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालयों, स्कूलों, पर्यटन स्थलों और धार्मिक स्थानों की स्वच्छता व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।
केंद्रीय टीम रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड भी पहुंची, जहां यात्रियों से फीडबैक लेने के साथ सफाई व्यवस्था की तस्वीरें और अन्य जानकारियां एकत्र की गईं। टीम द्वारा तैयार की जा रही रिपोर्ट स्वच्छता रैंकिंग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
विशेष बात यह है कि सर्वेक्षण टीम का दौरा पूरी तरह गोपनीय रखा जाता है। नगर निगम को भी टीम के भ्रमण कार्यक्रम की पूर्व जानकारी नहीं दी जाती। टीम किसी भी समय किसी भी क्षेत्र में पहुंचकर वास्तविक स्थिति का आकलन करती है।
स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत नागरिक सहभागिता भी बढ़ रही है। 15 जून तक उदयपुर नगर निगम क्षेत्र से 9,664 से अधिक नागरिक अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करा चुके हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि बेहतर जनभागीदारी और सफाई व्यवस्था के बल पर उदयपुर इस बार भी राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन करेगा।