प्रतीक, हर्षित और मुकेश के शानदार अर्धशतक, पुनीत, उदित और मोहन बने मैन ऑफ द मैच
उदयपुर, 1 अप्रैल: मेवाड़ टूरिज्म कप 2026 के तहत फील्ड क्लब में खेले जा रहे रोमांचक मुकाबलों में टीम रॉयल्स, मेवाड़ टूरिज्म क्लब और होटल लेकेण्ड ने शानदार जीत दर्ज की। दिनभर चले मुकाबलों में बल्लेबाजों और गेंदबाजों का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिला।
पहले मैच में टीम रॉयल्स ने आरटीसी को 2 विकेट से हराया। आरटीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 150 रन बनाए, जिसमें हर्षित धाबाई ने 62 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। जवाब में टीम रॉयल्स ने आखिरी गेंद पर लक्ष्य हासिल कर लिया। पुनीत श्रीमाली के ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में मेवाड़ टूरिज्म क्लब ने मेवाड़ वॉरियर्स को 7 विकेट से हराया। वॉरियर्स ने 154 रन बनाए, जबकि लक्ष्य का पीछा करते हुए मेवाड़ टूरिज्म क्लब ने 18.1 ओवर में जीत दर्ज कर ली। प्रतीक परिहार ने 54 रन और उदित धाभाई ने नाबाद 39 रन बनाए। उदित को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
तीसरे मैच में होटल लेकेण्ड ने औरिका होटल एंड रिजॉर्ट्स को 12 रन से हराया। लेकेण्ड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 156 रन बनाए, जिसमें मुकेश कल्याणा ने 60 रन की अहम पारी खेली। जवाब में औरिका की टीम 144 रन ही बना सकी। मोहन कल्याणा के हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट में लगातार रोमांचक मुकाबले दर्शकों को आकर्षित कर रहे हैं।