इंजेक्शन लगाते ही बच्चे को होने लगी खून की उल्टियां, दम तोड़ा

Share

परिजनों ने निजी क्लीनिक के डॉक्टर पर लगाया उपचार में लापरवाही का आरोप
लसानी, 4 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
जसाखेड़ा ग्राम पंचायत मुख्यालय स्थित एक निजी क्लीनिक में मंगलवार को 7 वर्षीय विशालसिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्चे को सर्दी-जुकाम की शिकायत पर उसके पिता दूदसिंह निजी क्लीनिक लेकर गए थे। चिकित्सक ने पहली डोज का इंजेक्शन लगाया, जिसके कुछ समय बाद विशालसिंह को खून की उल्टी होने लगी। तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टर ने दूसरा इंजेक्शन लगाया, लेकिन स्थिति और खराब हो गई। बच्चे को भीम उपजिला चिकित्सालय ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों ने निजी चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई करने और क्लीनिक को सील करने की मांग की। मौके पर भीम सीआई भंवर लाल कुमावत, उपखंड अधिकारी विकास कुमार शर्मा और खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार सैनी पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।
विभाग ने क्लीनिक कराया सील, पुलिस केस भी दर्ज
पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खंड चिकित्सा अधिकारी ने जस्साखेड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर को निर्देशित करते हुए क्लीनिक को सील करवा दिया। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। प्रशासन ने दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।