अन्नकूट महोत्सव में महाआरती, दीपदान और आतिशबाजी का नजारा
चित्तौड़गढ़, 4 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): मेवाड़ महोत्सव समिति द्वारा मंगलवार शाम गंभीरी नदी के तट पर अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नदी को 211 फीट लंबी चुनरी ओढ़ाई गई, जिसे सूरत के कारीगरों से विशेष रूप से तैयार करवाई गई थी। तट पर श्रीनाथजी की सुंदर झांकी सजाई गई और छप्पन भोग का आयोजन हुआ।
ढोल-नगाड़ों, शंख-घड़ियाल और लहराती पताकाओं के बीच कार्यक्रम में संत रामस्नेही सम्प्रदाय के श्रीरमतारामजी महाराज, दिग्विजयजी महाराज, विनोद यतिजी महाराज और रोहित गोपाल भैयाजी महाराज सहित कई संतों ने उपस्थित होकर आशीर्वाद दिया। श्रद्धालु, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
महाआरती, दीपदान और नौकायन
शाम के समय कोटा से आए पंडितों द्वारा ढोल-नगाड़ों के साथ महाआरती की गई। महिलाओं और परिवारों ने नदी में आटे के दीपक से दीपदान सजाया। नौकायन कार्यक्रम के दौरान नावों में सुरक्षा जैकेट की व्यवस्था की गई और सिविल डिफेंस की टीम तैनात रही।
भव्य आतिशबाजी और अन्नकूट प्रसाद वितरण
कार्यक्रम के अंत में रात के आकाश को रंगीन करने वाली भव्य आतिशबाजी की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को अन्नकूट प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन में भक्ति, आनंद और उत्सव का विशेष वातावरण बना रहा, जिससे नदी और तट का नजारा दर्शनीय बन गया।