बांसवाड़ा, 4 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): भारतीय किसान संघ ने बांसवाड़ा तहसील में फसल खराबे की हाल की गिरदावरी रिपोर्ट को गलत और वास्तविकता से परे बताते हुए प्रशासन से पुनः निरीक्षण की मांग की है। जिला कार्यकारिणी सदस्य रमेश जोशी ने कहा कि रिपोर्ट में बांसवाड़ा तहसील की फसल केवल 25% खराब बताई गई है, जबकि अन्य तहसीलों में 58-60% फसल खराब दिखाया गया है।
संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष रणछोड़ पाटीदार ने बताया कि बांसवाड़ा में बुवाई अन्य तहसीलों की तुलना में लगभग 25 दिन बाद हुई थी और कई खेत बुवाई के बिना ही पड़े रहे। ऐसे में केवल 25% खराबे का आंकड़ा गलत और भ्रामक है। उनका कहना है कि वास्तविक आंकड़ों के अनुसार बांसवाड़ा तहसील में लगभग 80% फसल खराब हुई है और 20-40% खेत बुवाई के बिना ही रह गए।
पाटीदार ने आशंका जताई कि गिरदावरी रिपोर्ट को अधिकारियों या नेताओं के प्रभाव में प्रस्तुत किया गया, जिससे किसानों में भ्रम और असंतोष फैल रहा है। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि सर्वे कर वास्तविक नुकसान के आधार पर सही आंकड़े जारी किए जाएं, ताकि किसान हित सुरक्षित रहे। इस दौरान तहसील अध्यक्ष रणछोड़ पटेल, राजेंद्र पाटीदार, गुमानसिंह और नाहरसिंह पटेल सहित कई किसान उपस्थित रहे और रिपोर्ट की समीक्षा की मांग की।