सात कमरों में होगी अस्थायी व्यवस्था, जिले के त ब्लॉकों की स्वास्थ्य सेवाओं की मॉनिटरिंग होगी मजबूत
उदयपुर, 7 नवम्बर: उदयपुर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशासनिक मॉनिटरिंग को मजबूत करने के लिए सीएमएचओ-द्वितीय कार्यालय को नया स्थान मिल गया है। जिला प्रशासन ने कार्यालय के अस्थायी संचालन के लिए शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी), भुवाणा के प्रथम तल पर सात कमरों का ब्लॉक आवंटित किया है। स्थायी भवन तैयार होने तक कार्यालय यहीं से संचालित होगा।
सीएमएचओ-द्वितीय डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि अब तक कार्यालय सीमित स्थान पर संचालित होने से प्रशासनिक कामकाज, विभागीय बैठकों और आमजन से जुड़े कार्यों में परेशानी आ रही थी। नए भवन से इन समस्याओं का समाधान होगा।
उदयपुर की पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों और जनजातीय आबादी को देखते हुए राज्य सरकार ने जिले में दो सीएमएचओ कार्यालय स्थापित किए हैं। सीएमएचओ-द्वितीय के अधीन सायरा, गोगुंदा, बड़गांव, मावली, भिण्डर, वल्लभनगर और कुराबड़ ब्लॉक आते हैं। नए कार्यालय से इन क्षेत्रों में फील्ड विजिट, टीकाकरण, स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा और मैदानी कर्मचारियों की निगरानी अधिक प्रभावी होगी। डॉ. राठौड़ के अनुसार, चिकित्सा विभाग के अपने भवन में व्यवस्था होने से किराए का अतिरिक्त वित्तीय भार भी नहीं पड़ेगा। सीएमएचओ-प्रथम डॉ. अशोक आदित्य और संयुक्त निदेशक डॉ. ओ.पी. रायपुरिया के सहयोग से यह व्यवस्था संभव हुई है।