भाजपा के 30 साल के शासन का हिसाब जनता के सामने रखेगी कांग्रेस

Share

नगर निगम चुनाव की तैयारी तेज, शास्त्री सर्कल स्थित होटल ग्लोबल इन में अस्थायी चुनाव कार्यालय का शुभारंभ
उदयपुर, 22 जुलाई:
आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ के नेतृत्व में शास्त्री सर्कल स्थित होटल ग्लोबल इन में अस्थायी चुनाव कार्यालय का विधिवत पूजा-अर्चना के साथ शुभारंभ किया गया। इस दौरान मंडल अध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक भी आयोजित हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए फतह सिंह राठौड़ ने कहा कि उदयपुर नगर निगम में पिछले 30 वर्षों से भाजपा का बोर्ड होने के बावजूद शहर की मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार, अव्यवस्थित विकास और जनसमस्याएं लगातार बढ़ी हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी और भाजपा से जवाब मांगेगी।
पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया ने कार्यकर्ताओं से वार्ड स्तर पर जनसंपर्क अभियान शुरू करने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा की विफलताओं के साथ कांग्रेस की विकास योजनाओं को भी जनता तक पहुंचाया जाए।
बैठक में शहर में यातायात, साफ-सफाई, सड़क, जल निकासी, पार्किंग और अतिक्रमण जैसी समस्याओं को प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाने पर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।