पीएम श्री स्कूल में विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति की मांग, 7 दिन में समाधान नहीं हुआ तो फिर आंदोलन की चेतावनी
प्रतापगढ़, 22 जुलाई: प्रतापगढ़ जिले के मगरोड़ा गांव स्थित पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर बुधवार को छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने विद्यालय के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर विरोध जताया और रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की मांग की।
जिला कलेक्टर के नाम सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय में लंबे समय से विषयवार शिक्षकों के पद खाली हैं। एक शिक्षक के स्थानांतरण के बाद शैक्षणिक व्यवस्था और अधिक प्रभावित हो गई है। पर्याप्त शिक्षकों के अभाव में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जिससे उनके भविष्य पर भी असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने मांग की कि विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप सभी विषयों के शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति की जाए, ताकि नियमित रूप से पढ़ाई शुरू हो सके।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित अवधि में शिक्षकों की व्यवस्था नहीं की गई तो ग्रामीण, अभिभावक और छात्र-छात्राएं दोबारा विद्यालय में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन करेंगे।
सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उनकी मांगों को उच्च स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति शांतिपूर्ण हो गई।