दाउदी बोहरा समुदाय ने अकीदत से मनाया चेहलुम

Share

वजीहपुरा मस्जिद में मजलिस, मर्सिया-नौहा और जमाअतखाना में सामूहिक नियाज़ का आयोजन
उदयपुर, 4 अगस्त:
दाउदी बोहरा समुदाय ने इस्लाम के पैगम्बर हजरत मोहम्मद (स.अ.) के नवासे एवं शहीद-ए-कर्बला हजरत इमाम हुसैन (अ.स.) तथा उनके 72 वफादार साथियों के चेहलुम का आयोजन श्रद्धा, अकीदत और धार्मिक उत्साह के साथ किया। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात बोहरवाड़ी स्थित वजीहपुरा मस्जिद में आयोजित मजलिस में बड़ी संख्या में समुदायजन शामिल हुए।
मजलिस को संबोधित करते हुए जनाब अली हुसैन खिलौना वाला ने कर्बला की महान कुर्बानी का उल्लेख करते हुए कहा कि इमाम हुसैन (अ.स.) का बलिदान सत्य, न्याय, मानवता और धर्म की रक्षा का अमर संदेश है, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। इस दौरान असरार अहमद जावरिया वाला एवं पार्टी, मुजम्मिल एवं पार्टी, मोइज अली एवं पार्टी तथा सरफराज मुहिब एवं पार्टी ने मर्सिया और नौहा पेश कर अहले बैत को खिराज-ए-अकीदत अर्पित की।
चेहलुम के अवसर पर सोमवार शाम बोहरवाड़ी स्थित जमाअतखाना में सामूहिक नियाज़ का आयोजन भी हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समुदाय के लोगों ने सहभागिता कर इमाम हुसैन (अ.स.) की याद में नियाज़ ग्रहण की। समुदाय ने कर्बला के शहीदों के सत्य, इंसाफ, त्याग और मानवता के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प भी दोहराया।