अंडर-10 और अंडर-12 वर्ग में शानदार मुकाबले, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
उदयपुर, 14 अप्रैल : राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय और सुखाड़िया विश्वविद्यालय के टेनिस कोर्ट पर आयोजित इन्द्रसिंह बाहठ स्मृति राज्य स्तरीय जूनियर लॉन टेनिस प्रतियोगिता में अंडर-10 और अंडर-12 वर्ग के मुकाबले रोमांचक अंदाज में सम्पन्न हुए। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को उत्साहित किया।
आयोजन सचिव डॉ. दीपांकर चक्रवर्ती ने बताया कि बॉयज अंडर-10 वर्ग के फाइनल में हनुमानगढ़ के राघव ने उदयपुर के जयवर्धन को हराकर खिताब जीता। वहीं अंडर-12 वर्ग में उदयपुर के दिव्यराज सिंह ने लक्ष्य शर्मा को हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
अंडर-14 वर्ग में अर्जव जैन, लक्ष्य शर्मा और देव मोहन मिश्रा ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं अंडर-18 वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रियांश तंवर, हुनर पंड्या और हर्षिल मेवाड़ा ने शानदार जीत दर्ज की।
गर्ल्स अंडर-10 में यशस्वी और अंडर-12 में वंशिका ने खिताब अपने नाम किए।
डॉ. चक्रवर्ती ने बताया कि आगामी चरण में सिंगल्स और डबल्स मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में उभरते खिलाड़ियों के प्रदर्शन से भविष्य में राज्य को नए टेनिस सितारे मिलने की उम्मीद जगी है।