हल्दीघाटी विजय की गौरवगाथा पहुंचेगी गांव-गांव, 2 लाख पत्रकों से होगा जनजागरण

Share

17 जून की राष्ट्र चेतना संकल्प सभा के लिए तेज हुई तैयारियां, एक हजार संतों को भेजे जाएंगे निमंत्रण
उदयपुर, 4 जून:
हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने और महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में उदयपुर में 17 जून को आयोजित होने वाली विशाल राष्ट्र चेतना संकल्प सभा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन से पूर्व हल्दीघाटी विजय की गौरवगाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत मेवाड़-वागड़ सहित राजस्थान और पड़ोसी राज्यों के गांव-गांव में दो लाख पत्रकों का वितरण किया जाएगा।
राजस्थान से गुजरात-मध्यप्रदेश तक पहुंचेगा संदेश
प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि पत्रक वितरण अभियान का शुभारंभ भगवान बोहरा गणेशजी के समक्ष वंदन के साथ किया गया। उदयपुर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, सलूम्बर, अजमेर, जयपुर, जोधपुर सहित कई जिलों के अलावा गुजरात और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी हल्दीघाटी विजय की गौरवगाथा पहुंचाई जाएगी।
सरसंघचालक भागवत करेंगे संबोधित
कार्यक्रम संयोजक सीए महावीर चपलोत ने बताया कि गांधी ग्राउंड में आयोजित होने वाली सभा को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत संबोधित करेंगे। आयोजन में एक हजार से अधिक संत-महात्माओं, पांच हजार प्रबुद्धजनों और देशभर के 500 से अधिक समाजसेवियों को आमंत्रित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर पार्किंग, बैठक व्यवस्था और अन्य तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।