हास्य कवि सम्मेलन में कविता और व्यंग्य बने जनजागरण का माध्यम, श्रोताओं ने लिया मनोरंजन और जागरूकता का अनूठा संगम
उदयपुर, 8 जून: सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती और सड़क सुरक्षा माह के तहत रविवार को अशोका ग्रीन, शोभागपुरा में आयोजित सड़क सुरक्षा हास्य कवि सम्मेलन ने मनोरंजन के साथ जनजागरण का अनूठा संदेश दिया। उदयपुर पुलिस, आधार फाउंडेशन और बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में हास्य, व्यंग्य, गीत और कविताओं के माध्यम से यातायात नियमों के पालन की प्रेरणा दी गई। कवियों की चुटीली प्रस्तुतियों पर जहां श्रोताओं ने जमकर ठहाके लगाए, वहीं सड़क सुरक्षा के गंभीर संदेशों को भी आत्मसात किया।
कार्यक्रम में यातायात उपाधीक्षक अशोक आंजणा, यातायात निरीक्षक टीना सोलंकी, रोडवेज के मुख्य प्रबंधक हेमंत कुमार शर्मा, आधार फाउंडेशन से नारायण लाल चौधरी तथा बीसीआई के संस्थापक मुकेश माधवानी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में जनजागरूकता की भूमिका कानूनों जितनी ही महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया। आयोजकों ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की।
कविता और हास्य के जरिए दिया सड़क सुरक्षा का संदेश
सड़क सुरक्षा हास्य कवि सम्मेलन में कवियों ने मनोरंजन के साथ जनजागरूकता का प्रभावी संदेश दिया। हास्य कवि मनोज गुर्जर, अंतरराष्ट्रीय कवयित्री आयुषी राखेचा और हास्य गीतकार लोकेश महाकाली ने अपनी प्रस्तुतियों में हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन नहीं चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की सीख दी। वक्ताओं ने कहा कि सड़क पर सावधानी ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। आयोजकों का मानना है कि साहित्य, हास्य और संस्कृति के माध्यम से दिए गए संदेश लोगों के मन में लंबे समय तक प्रभाव छोड़ते हैं और सामाजिक बदलाव का सशक्त माध्यम बनते हैं।