सात दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण एवं सेवा शिविर का समापन
उदयपुर, 8 जून: रोटरी क्लब उदयपुर अशोका, बीइंग मानव एवं मेवाड़ शक्ति कल्याण ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 1 से 7 जून तक आयोजित सात दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण एवं सेवा शिविर का रविवार को अशोका पैलेस स्थित मधुश्री बैंक्वेट हॉल में समापन हुआ। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को आत्मरक्षा, स्वास्थ्य, योग, ध्यान और आध्यात्मिक गतिविधियों का प्रशिक्षण देकर व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास बढ़ाने पर जोर दिया गया।
रोटरी क्लब उदयपुर अशोका के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि शिविर के प्रारंभिक तीन दिनों में प्रशिक्षक एवं पहलवान गौरीशंकर ने महिलाओं और युवाओं को आत्मरक्षा एवं तलवार संचालन का प्रशिक्षण दिया। चौथे दिन डॉ. जितेन्द्र मेघवाल एवं उनकी टीम ने आयुर्वेदिक स्वास्थ्य जांच, उपचार और परामर्श प्रदान किया। वहीं पांचवें दिन नारी निकेतन में विशेष योग एवं व्यायाम सत्र आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. मीनाक्षी पालीवाल और डॉ. किरण पालीवाल ने योग एवं प्राणायाम के लाभ बताए।
शिविर इंचार्ज राजश्री सिसोदिया ने बताया कि छठे दिन आयोजित मेडिटेशन सत्र में मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक सोच पर प्रशिक्षण दिया गया। समापन समारोह में भजन गायक पंडित सत्यनारायण चौबीसा ने संगीतमय हनुमान चालीसा की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर प्रशिक्षकों, चिकित्सकों और प्रतिभागियों का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में रोटेरियन राहुल माखिजा, आलोक गुप्ता, डॉ. पूजा देविजा, बसंती वैष्णव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।