मानसी वाकल बांध में हादसा, पिकनिक के दौरान गई जान
उदयपुर, 2 मई: जिले के झाड़ोल स्थित मानसी वाकल बांध में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां दोस्त की जान बचाने के प्रयास में एक रेस्टोरेंट मालिक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय मोहन थापा के रूप में हुई है, जो मूलतः नेपाल के गुल्मी जिले का निवासी था और झाड़ोल में ‘एमडी चाइनीज रेस्टोरेंट’ संचालित करता था।
जानकारी के अनुसार मोहन अपने पांच साथियों के साथ बांध पर पिकनिक मनाने गया था। नहाने के दौरान उसका दोस्त मिलन गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए मोहन ने तुरंत पानी में छलांग लगा दी। उसने कड़ी मशक्कत कर दोस्त को सुरक्षित किनारे की ओर धकेल दिया, लेकिन इस दौरान खुद संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में समा गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथियों ने करीब आधे घंटे तक अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया गया और करीब ढाई घंटे बाद दोपहर 2 बजे मोहन का शव बाहर निकाला गया। शव को एमबी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।