उदयपुर में ऐतिहासिक नाट्य मंचन, दिवेर विजय महोत्सव के पोस्टर का भी होगा विमोचन
उदयपुर, 6 अगस्त: काकोरी क्रांति के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उदयपुर में ऐतिहासिक ‘काकोरी क्रांति गाथा’ नाट्य का मंचन किया जाएगा। प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ और सभ्यता अध्ययन केन्द्र, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम 14 अगस्त को शाम 5 बजे रवीन्द्रनाथ टैगोर आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के नवीन सभागार में आयोजित होगा।
वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप समिति के अध्यक्ष प्रो. भगवती प्रकाश शर्मा ने बताया कि 9 अगस्त 1925 की काकोरी क्रांति ने ब्रिटिश शासन की नींव हिला दी थी। इस ऐतिहासिक घटना और राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खान, राजेंद्र लाहिड़ी, ठाकुर रोशन सिंह तथा चंद्रशेखर आजाद जैसे क्रांतिकारियों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह मंचन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा मुख्य अतिथि होंगे। पुलिस महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव, पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र के निदेशक अश्विन दलवी विशिष्ट अतिथि तथा आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राहुल जैन अध्यक्षता करेंगे। इसी अवसर पर 16 से 26 सितंबर तक आयोजित होने वाले दिवेर विजय महोत्सव का पोस्टर भी जारी किया जाएगा। साथ ही 14 से 16 अगस्त तक प्रताप गौरव केन्द्र में दर्शनार्थियों को रियायती शुल्क पर प्रवेश सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।