उदयपुर में बनेगा प्रदेश का दूसरा ऑल वैदर स्विमिंग पूल, सालभर कर सकेंगे तैराक अभ्यास

Share

महाराणा प्रताप खेल गांव के तरणताल पर शुरू हुआ 6 करोड़ का काम, एक जुलाई के बाद रहेगा बंद


सुभाष शर्मा
उदयपुर, 5 जून:
उदयपुर के महाराणा प्रताप खेल गांव स्थित तरणताल को आधुनिक सुविधाओं से युक्त ऑल वैदर स्विमिंग पूल में विकसित किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए शुरुआती चरण में 6 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है और निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है। परियोजना के पूर्ण होने में लगभग नौ माह का समय लगेगा। निर्माण कार्य के चलते एक जुलाई के बाद यह तरणताल तैराकों और प्रशिक्षणार्थियों के लिए बंद कर दिया जाएगा।
वर्तमान में यह तरणताल खुला होने के कारण मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर रहता है और वर्ष में केवल सात से नौ माह तक ही उपयोग में लिया जा सकता है। ऑल वैदर पूल बनने के बाद इसे पूरी तरह ढंक दिया जाएगा, जिससे गर्मी, बारिश और सर्दी के मौसम का प्रभाव नहीं पड़ेगा तथा वर्षभर नियमित तैराकी गतिविधियां संचालित हो सकेंगी।
तैराकी प्रशिक्षक डॉ. महेश पालीवाल के अनुसार ऑल वैदर सुविधा मिलने से खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी करने वाले तैराकों को प्रशिक्षण में बाधा नहीं आएगी। साथ ही बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए भी तैराकी सीखने और फिटनेस बनाए रखने के अवसर बढ़ेंगे।
वर्तमान में तरणताल में सुबह 6 से 9 बजे तथा शाम 4 से 7 बजे तक तैराकी प्रशिक्षण संचालित किया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह सुविधा और अधिक व्यवस्थित तथा आधुनिक स्वरूप में उपलब्ध होगी।
गौरतलब है कि राजस्थान में फिलहाल जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में ही ऑल वैदर स्विमिंग पूल की सुविधा उपलब्ध है। उदयपुर में यह परियोजना पूरी होने के बाद प्रदेश का दूसरा ऑल वैदर पूल बन जाएगा। इससे न केवल मेवाड़ क्षेत्र के तैराकों को लाभ मिलेगा, बल्कि उदयपुर राज्य स्तरीय और राष्ट्रीय स्तर की तैराकी प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर सकेगा।