सलूंबर, 6 जून: धारोद बाइपास पर सड़क किनारे पड़े पेड़ से बाइक टकराने के बाद एक बुजुर्ग की मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सलूंबर-खेरवाड़ा स्टेट हाईवे जाम कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क पर पड़े अवरोधों की शिकायत कई बार की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजन को मुआवजा, एक सदस्य को नौकरी और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने जांच और नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जमीन विवाद में तीन गिरफ्तार
राशमी, 6 जून: जमीन की रजिस्ट्री को लेकर तहसील कार्यालय में हुए विवाद के बाद राशमी थाना पुलिस ने दो महिलाओं सहित तीन लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार डिंडोली निवासी गुड्डी देवी और भीमगढ़ निवासी सुगना देवी ने एक-दूसरे पर पुश्तैनी जमीन के पंजीयन को लेकर मारपीट के आरोप लगाए। दोनों पक्षों की शिकायत मिलने पर पुलिस ने समझाइश का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बनने पर कार्रवाई की गई। पुलिस ने गुड्डी देवी, सुगना देवी और रतनलाल जाट को गिरफ्तार कर उपखंड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। मामले की जांच जारी है।
गार्ड से लूट का खुलासा
डूंगरपुर, 6 जून: कोतवाली थाना पुलिस ने सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट और लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गुजरात के राजकोट से गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया गया है। 31 मई की रात ड्यूटी से लौट रहे सुरक्षा गार्ड बृजराजसिंह पर बदमाशों ने हमला कर बाइक, मोबाइल और पर्स लूट लिया था। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों का पता लगाया। पुलिस ने नवाडेरा घाटी फला निवासी हितेश कटारा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत
डूंगरपुर, 6 जून: बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 57 वर्षीय रामसिंह चौहान की मौत हो गई। वे अपने भतीजे के साथ सड़क किनारे पैदल घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आई बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल रामसिंह को पहले डूंगरपुर अस्पताल और बाद में रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामले में बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
गलत दिशा की बाइक बनी काल
डूंगरपुर, 6 जून: सदर थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के अनुसार निहार कोटेड और निलेश कोटेड बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान गलत दिशा से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में निहार की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। गंभीर घायल निलेश को बेहतर इलाज के लिए गुजरात रेफर किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुल्हन के चाचा पर कुल्हाड़ी से हमला
बांसवाड़ा, 6 जून: कुशलगढ़ क्षेत्र के ठुमट गांव में शादी समारोह के दौरान पुरानी रंजिश के चलते दुल्हन के चाचा हवसिंह कटारा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। गंभीर घायल हवसिंह का महात्मा गांधी अस्पताल में उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार आरोपी धारदार हथियारों के साथ समारोह में पहुंचे और विवाद के बाद हमला कर दिया। कुल्हाड़ी का वार सिर पर लगने से हवसिंह लहूलुहान होकर गिर पड़े। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।
1.50 करोड़ की शराब नष्ट
सलूंबर, 6 जून: परसाद थाना पुलिस ने मालखाने में रखी करीब 1.50 करोड़ रुपए मूल्य की अवैध शराब नष्ट की। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के विशेष अभियान के तहत की गई।
अदालत और आबकारी विभाग की अनुमति के बाद 1925 कार्टन अंग्रेजी शराब और 40 कार्टन बीयर का नियमानुसार निस्तारण किया गया। पूरी प्रक्रिया आबकारी अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में संपन्न हुई। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई।