गहने लूटने के बाद लकड़ियां इकट्ठी कर रची खौफनाक योजना, मुख्य आरोपी भीलवाड़ा से गिरफ्तार
उदयपुर, 28 जून: गोगुंदा क्षेत्र में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला का अपहरण कर जंगल में ले जाकर लूटपाट करने के मामले में एक ऐसा सनसनीखेज खुलासा हुआ है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया। आरोपियों ने महिला के चांदी के गहने लूटने के बाद उसे जिंदा जलाकर साक्ष्य मिटाने की साजिश रच डाली थी। हालांकि उनकी यह योजना सफल नहीं हो सकी और महिला की जान बच गई। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी पप्पूसिंह राजपूत को भीलवाड़ा जिले के आसींद से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी बसंतसिंह उर्फ पिंटिया राजपूत अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
गोगुंदा थानाधिकारी श्यामसिंह चारण ने बताया कि 19 जून को जोगियों का गुड़ा निवासी भुरकी बाई अपने पति लालू गमेती के साथ पेंशन संबंधी कार्य से गोगुंदा आई थीं। काम पूरा होने के बाद वह पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान धोलीघाटी के पास बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें घर छोड़ने का झांसा दिया। मना करने के बावजूद दोनों ने महिला को जबरन बाइक पर बैठाया और मजावड़ी के घने जंगल में ले गए। जंगल में आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट की और लोहे की आरी से उसके पैरों के चांदी के कड़े काटकर निकाल लिए। इसके अलावा गले की हासली और कानों के झुमके भी लूट लिए। वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने आसपास से लकड़ियां और सूखा कचरा इकट्ठा कर महिला को जिंदा जलाने की योजना बनाई, ताकि कोई सबूत न बचे, लेकिन किसी कारणवश वे अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।