26 अप्रैल को 2583 फीट की जैन पताका के साथ निकलेगी विशाल ध्वज यात्रा
उदयपुर, 24 अप्रैल: भगवान महावीर स्वामी के 2583वें केवलज्ञान कल्याणक एवं जैन शासन स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में श्री जैन श्वेताम्बर महासभा के तत्वावधान में तीन दिवसीय शासन समर्पण महोत्सव शुक्रवार से शुरू होगा। यह आयोजन प्रन्यास प्रवर निरागरत्न की निश्रा में आयोजित किया जा रहा है।
महासभा के महामंत्री कुलदीप नाहर ने बताया कि 25 अप्रैल को फतहसागर पाल पर शाम 7:15 बजे से “म्हारा वीर नो शासन गाजे” परमात्मा भक्ति एवं संवेदना कार्यक्रम आयोजित होगा।
26 अप्रैल को उदयपुर में विराजित समस्त साधु-साध्वी भगवंतों की निश्रा में 2583 फीट लंबी जैन पताका के साथ विशाल शासन ध्वज यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा सुबह 6:15 बजे फतहसागर पाल से शुरू होकर पद्मनाथ स्वामी जिनालय जैन तीर्थ, चौगान मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद धर्मसभा एवं नवकारसी का आयोजन होगा।
महोत्सव के अंतिम दिन 27 अप्रैल को आयड़ जैन तीर्थ पर सुबह 7:15 बजे शासन ध्वज वंदना कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर जैन समाज में उत्साह का माहौल है।