वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर थाईलैंड मूल की 3 महिलाएं डिटेन

Share

उदयपुर के होटल में ठहरने का मामला, संचालक पर विदेशी नागरिकों से जुड़े कानून के तहत कार्रवाई
उदयपुर, 21 अक्टूबर:
उदयपुर के गोवर्धन विलास थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में बिना वैध दस्तावेजों के रह रही थाईलैंड मूल की तीन महिलाओं को पुलिस और सीआईडी विशेष शाखा की संयुक्त टीम ने डिटेन किया है। पुलिस के अनुसार, महिलाओं के पासपोर्ट और वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी। एक महिला को पहले भी भारत से डिपोर्ट किया जा चुका था। पुलिस अब महिलाओं के निष्कासन की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर रही है।
गुप्त सूचना पर होटल में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार 19 अक्टूबर को सीआईडी की काउंटर इंटेलिजेंस यूनिट को होटल सिटी प्राइड में विदेशी महिलाओं के संदिग्ध रूप से ठहरने की सूचना मिली थी। संयुक्त टीम ने होटल के कमरों की तलाशी ली। जांच में विजिटर रजिस्टर में महिलाओं के ठहरने की प्रविष्टि नहीं मिली। होटल संचालक ने पूछताछ में महिलाओं से स्पा का काम करवाने की बात कही।
होटल संचालक पर भी कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. विक्रम सिंह के अनुसार, एक महिला पहले डिपोर्ट होने के बाद नेपाल सीमा के रास्ते दोबारा भारत आई थी। पुलिस ने होटल संचालक के विरुद्ध इमीग्रेशन एवं फॉरेनर्स एक्ट, 2025 की धारा 7(2) और 29 के तहत कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने होटल, विला और रिसॉर्ट संचालकों को विदेशी नागरिकों के दस्तावेजों की जांच तथा नियमानुसार रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए हैं।