करियर में सफलता की चाबी है समयबद्ध मार्गदर्शन : जितेंद्र सिंह

Share

दसवीं के बाद विषय चयन से लेकर तकनीक, प्रबंधन और विदेश में उच्च शिक्षा तक के विकल्प बताए
उदयपुर, 26 अक्टूबर:
करियर का चुनाव दूसरों की देखा-देखी नहीं, बल्कि अपनी रुचि, योग्यता और अभिक्षमता के आधार पर करना चाहिए। समय पर सही मार्गदर्शन विद्यार्थियों को भविष्य की राह चुनने में मदद करता है। यह बात करियर कोच एवं जे.एस. ग्लोबल उदयपुर के संस्थापक जितेंद्र सिंह ने सिरोही के सेंट पॉल हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित करियर गाइडेंस सेमिनार में कही। उन्होंने दसवीं और 12वीं के विद्यार्थियों को करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी।
सिंह ने बताया कि दसवीं के बाद विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी में विषय चुनते समय अपनी रुचि और क्षमता को प्राथमिकता देनी चाहिए। विज्ञान में चिकित्सा, इंजीनियरिंग और शोध; वाणिज्य में वित्त, बैंकिंग और प्रबंधन; जबकि मानविकी में कानून, पत्रकारिता, मनोविज्ञान और प्रशासन जैसे क्षेत्र करियर के अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा विश्लेषण और साइबर सुरक्षा जैसे नए क्षेत्र उभर रहे हैं। इसलिए हर संकाय के विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल विकसित करना चाहिए। उन्होंने विदेश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में छात्रवृत्ति के माध्यम से स्नातक और स्नातकोत्तर शिक्षा प्राप्त करने की संभावनाएं भी बताईं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय प्रबंधक फादर जोजी थॉमस और प्राचार्य फादर जोसेफ के.जे. ने अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर सिस्टम सेवियो सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।