ट्रेन की तरह ट्रैक करें सिटी बस, मोबाइल पर मिलेगी लाइव लोकेशन

Share

उदयपुर सिटी बस ऐप शुरू, 35 ई-बसों सहित 59 बसें ट्रैकिंग सिस्टम से जुड़ीं; दीपावली के बाद 15 नई बसें आने की संभावना
उदयपुर, 20 अक्टूबर:
उदयपुर में अब सिटी बस का इंतजार भी ट्रेन की तरह मोबाइल पर उसकी लाइव लोकेशन देखकर किया जा सकेगा। यात्रियों को बस कहां है, कितनी दूर है और स्टॉप तक पहुंचने में कितना समय लगेगा, इसकी जानकारी देने के लिए उदयपुर सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड ने ‘उदयपुर सिटी बस ऐप’ शुरू किया है। इससे यात्रियों को बस स्टॉप पर अनावश्यक इंतजार से राहत मिलने और यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।
ऐप गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। इसमें वर्तमान में संचालित 35 पीएम ई-बसों के साथ 24 पुरानी लाल सिटी बसों को भी ट्रैकिंग सिस्टम से जोड़ा गया है। फिलहाल 35 ई-बसें शहर में 11 रूटों पर चल रही हैं और इनमें प्रतिदिन करीब 8,400 यात्री सफर कर रहे हैं। ऐप के जरिए यात्री बस की लाइव लोकेशन, रूट और संबंधित स्टॉप तक पहुंचने का अनुमानित समय देख सकेंगे।
दीपावली बाद बढ़ेगा बसों का बेड़ा
दीपावली के बाद करीब 15 नई बसें आने की संभावना है। इनके आने पर ई-बसों की संख्या 50 तक पहुंच सकती है। पुरानी बसों को मिलाकर कुल बेड़ा करीब 74 बसों का हो जाएगा। इसके साथ ही मौजूदा 11 रूटों की समीक्षा कर आवश्यक बदलाव किए जाएंगे, ताकि शहर के अधिक क्षेत्रों तक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा पहुंचाई जा सके।
कंट्रोल रूम से निगरानी, बसों पर लगेंगे पहचान बोर्ड
बसों की ट्रैकिंग व्यवस्था की निगरानी निगम के कंट्रोल रूम से की जा रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों पर डेस्टिनेशन बोर्ड भी लगाए गए हैं, जिससे दूर से ही पता चल सकेगा कि बस किस रूट पर जा रही है। वर्तमान में सिटी बसों से प्रतिदिन करीब डेढ़ लाख रुपये का राजस्व मिल रहा है। नई ट्रैकिंग सुविधा और बसों की संख्या बढ़ने से शहर में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक बनाने की उम्मीद है।