पीछे से स्कूटी को मारी टक्कर, पत्नी का सिर गोद में रखकर 25 मिनट तक सड़क पर बैठा रहा पति; ड्राइवर डिटेन
बांसवाड़ा, 21 अगस्त: भाई से मिलने बांसवाड़ा शहर जा रही महिला और उसके पति की स्कूटी को तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पति पत्नी का सिर गोद में रखकर करीब 25 मिनट तक सड़क पर बैठा रहा। हादसा सदर थाना क्षेत्र में बोरवट गांव के मोड़ (बोदला बायपास) के पास शुक्रवार शाम करीब 4 बजे हुआ।
टायर के नीचे आने से मौत
सदर थाने के एएसआई केशवचंद के अनुसार नाहली निवासी भावना पत्नी प्रकाश व्यास पति के साथ स्कूटी से बांसवाड़ा आ रही थी। दोनों को भावना के भाई के घर जाना था। बोरवट मोड़ के पास दाहोद की ओर से आए ट्रेलर ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी। दोनों सड़क पर गिर गए और ट्रेलर का टायर महिला के शरीर के ऊपर से निकल गया।
ट्रेलर जब्त, चालक डिटेन
हादसे में महिला का सिर और पैर बुरी तरह कुचल गए। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर चालक को डिटेन कर लिया। शव महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।