दोनों स्ट्रेचर बुक होने की बात कहकर मरीज को गाड़ी में इंतजार करने को कहा; सायरन बजता रहा, स्टाफ नहीं पहुंचा
उदयपुर, 21 अगस्त: राजस्थान में भीलवाड़ा जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी जिला अस्पताल की आपातकालीन व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। रामधाम चौराहे पर हादसे में घायल मरीज को लेकर पहुंची 108 एंबुलेंस करीब 20 मिनट तक अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर खड़ी रही। इस दौरान एंबुलेंस का सायरन बजता रहा, लेकिन मरीज को अंदर ले जाने के लिए कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
108 एंबुलेंस के पायलट प्रभु प्रजापत ने बताया कि घायल को लेकर एंबुलेंस करीब 1 बजे अस्पताल पहुंची। करीब 1:20 बजे तक मरीज एंबुलेंस में ही रहा। वार्ड बॉय और वार्ड लेडी से मरीज को अंदर ले जाने के लिए कहा गया तो उन्होंने बताया कि इमरजेंसी गेट के दोनों स्ट्रेचर उस समय उपलब्ध नहीं हैं।
सायरन सुनकर जुटी भीड़
प्रत्यक्षदर्शी मोहन सिंह और कैलाश बेरवा के अनुसार लगातार सायरन बजने के बावजूद अस्पताल का कोई कर्मचारी मरीज को लेने नहीं आया। सायरन की आवाज सुनकर अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना ने सरकारी अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था और मरीजों को तत्काल उपचार तक पहुंचाने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।