प्रदेशव्यापी चक्का जाम तेज, उदयपुर में ट्रकों की रैली; लिखित आदेश तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
उदयपुर, 15 जुलाई: व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD GPS), परमिट और फिटनेस संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर प्रदेशभर में चल रहा ट्रांसपोर्टरों का अनिश्चितकालीन चक्का जाम बुधवार को और तेज हो गया। उदयपुर में ट्रांसपोर्ट नगर से आरटीओ कार्यालय तक करीब 50 ट्रकों की विशाल रैली निकाली गई। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक सरकार लिखित आदेश जारी कर मांगों का समाधान नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
दी उदयपुर ट्रांसपोर्ट ऑर्गनाइजेशन के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह राणावत के नेतृत्व में निकली रैली में बड़ी संख्या में ट्रक मालिक, ट्रांसपोर्ट व्यवसायी और चालक शामिल हुए। प्रदेश ट्रक एवं ट्रांसपोर्ट संघर्ष समिति के अनुसार आंदोलन के समर्थन में हजारों ट्रकों की चाबियां सांकेतिक रूप से जमा कर परिवहन कार्य पूरी तरह बंद रखा गया। इससे पहले व्यापारिक और औद्योगिक संगठनों से भी आंदोलन को समर्थन देने की अपील की गई।
आरटीओ और डीटीओ अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में संघर्ष समिति ने फिटनेस सेंटर बंद रहने से वाहन मालिकों पर लगे भारी चालानों और परमिट संबंधी परेशानियों का मुद्दा उठाया। समिति के अनुसार अधिकारियों ने परिवहन आयुक्त से चर्चा कर VLTD GPS लगाने की प्रक्रिया शुरू कराने, लंबित फिटनेस और परमिट कार्य इसी सप्ताह शुरू करने तथा चालानों की समीक्षा कर राहत देने का आश्वासन दिया।
हालांकि संघर्ष समिति ने कहा कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि लिखित आदेश मिलने तक चक्का जाम जारी रहेगा। सरकार की ओर से शीघ्र निर्णय नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक बनाने तथा परिवहन गतिविधियां चरणबद्ध तरीके से बंद करने की चेतावनी भी दी गई।
ट्रांसपोर्टरों की प्रमुख मांगें
VLTD GPS लगाने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।
लंबित परमिट और फिटनेस कार्य शीघ्र पूरे किए जाएं।
फिटनेस सेंटर बंद रहने के दौरान बने चालानों की समीक्षा कर राहत दी जाए।
सभी निर्णयों के लिखित आदेश जारी किए जाएं।
मांगें नहीं मानी गईं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन और तेज किया जाएगा।