18 जुलाई से महंगा होगा सफर: उदयपुर-सिरोही और गुजरात रूट पर बढ़ीं टोल दरें

Share

उदयपुर, 17 जुलाई: नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने उदयपुर से सिरोही, गुजरात और अहमदाबाद की ओर जाने वाले प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों पर टोल शुल्क बढ़ा दिया है। नई दरें 18 जुलाई 2026 से लागू होंगी। कार, जीप और वैन से लेकर भारी वाहनों तक सभी श्रेणियों के वाहनों पर 5 से 20 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
उदयपुर-गोगुंदा मार्ग के जसवंतगढ़ टोल पर कार, जीप और वैन का एकतरफा शुल्क अब 95 रुपये होगा, जबकि गोगुंदा-पिंडवाड़ा के मालेरा टोल पर यह 125 रुपये कर दिया गया है। देबारी-काया बाईपास के डाकनकोटड़ा टोल पर कारों के लिए 85 रुपये, जबकि उदयपुर-ईडर मार्ग के पीपलवास और करेल टोल पर 45-45 रुपये एकतरफा शुल्क देना होगा।
NHAI के अनुसार मासिक पास और अन्य वाहन श्रेणियों के शुल्क में भी संशोधन किया गया है। बस, ट्रक और भारी व्यावसायिक वाहनों के टोल शुल्क में भी बढ़ोतरी लागू होगी।
NHAI ने बताया कि टोल दरें हर वर्ष होलसेल प्राइस इंडेक्स (WPI) के आधार पर संशोधित की जाती हैं। सड़क की लंबाई, फ्लाईओवर, अंडरपास, टनल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को भी टोल निर्धारण का आधार बनाया जाता है।

प्रमुख नई एकतरफा टोल दरें (कार/जीप/वैन):
जसवंतगढ़ (गोगुंदा): ₹95
मालेरा (गोगुंदा-पिंडवाड़ा): ₹125
डाकनकोटड़ा (देबारी-काया): ₹85
पीपलवास (उदयपुर-ईडर): ₹45
करेल (उदयपुर-ईडर): ₹45