फतहसागर किनारे चाकू लहराकर रील बनाने वाला युवक गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए किया स्टंट

Share

उदयपुर, 17 जुलाई: सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने की चाह में फतहसागर झील किनारे चाकू लहराकर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। अंबामाता थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से धारदार चाकू बरामद किया है।
थानाधिकारी दलपत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार (22) पुत्र नकाराम, निवासी अमरपुरा (झाड़ोल) है। आरोपी ने फतहसागर झील किनारे हवा में चाकू लहराते हुए वीडियो बनाया और उसे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर खुद को फेमस करने और अपना रुतबा दिखाने के लिए चाकू खरीदा था। उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने का आश्वासन दिया और माफी भी मांगी।
पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक और पर्यटन स्थलों पर हथियारों के साथ रील बनाना कानून का उल्लंघन है और इससे पर्यटकों के बीच गलत संदेश जाता है। ऐसे मामलों पर साइबर टीम लगातार नजर रख रही है और हथियारों का प्रदर्शन कर रील बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।