राय आंगन में महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि, 486 लड्डुओं का प्रसाद वितरित

Share

उदयपुर, 17 जून: मेवाड़ के गौरव, स्वाभिमान और अदम्य साहस के प्रतीक वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती पर सिटी पैलेस संग्रहालय के ऐतिहासिक राय आंगन में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ विशेष पूजन-अर्चन किया गया। महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं प्रबंध न्यासी डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके शौर्य, त्याग, राष्ट्रनिष्ठा और स्वाभिमान को नमन किया गया।

फाउंडेशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. मयंक गुप्ता ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी महाराणा प्रताप जयंती गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर राजमहल परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं पारंपरिक पुष्प सजावट से सुसज्जित किया गया। राय आंगन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देश-विदेश से संग्रहालय भ्रमण के लिए पहुंचे आगंतुकों को प्रसाद स्वरूप 486 बूंदी के लड्डू वितरित कर शुभकामनाएं दी गईं। पूरे परिसर में महाराणा प्रताप के आदर्शों और मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा के प्रति श्रद्धा का वातावरण बना रहा।