80वीं पुण्यतिथि पर देशभक्ति का संकल्प, युवाओं को शिक्षा और राष्ट्रसेवा का संदेश
फतहनगर, 1 जुलाई: स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारी शहीद बीरबल सिंह ढालिया की 80वीं पुण्यतिथि पर जीनगर समाज, सनवाड़ की ओर से श्रद्धांजलि सभा एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शहीद के बलिदान को नमन करते हुए समाज की मेधावी प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को जीवन में अपनाने और शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं शहीद बीरबल सिंह ढालिया के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। बोर्ड एवं महाविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया, जबकि अन्य विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार दिए गए। वक्ताओं ने कहा कि बीकानेर प्रजामंडल के प्रमुख तिरंगा वाहक रहे बीरबल सिंह ढालिया ने मात्र 25 वर्ष की आयु में देश की स्वतंत्रता के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया था। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रभक्ति के नारों के बीच समाजजनों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।