पूर्व मंत्री के बेटे से फोन पर हुई तीखी बहस का ऑडियो वायरल, दोनों पक्षों ने रखी अपनी-अपनी बात
उदयपुर, 4 सितंबर: उदयपुर में नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर नेताओं के बीच आपसी खींचतान सामने आई है। यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. दिव्यानी कटारा और पूर्व मंत्री स्व. खेमराज कटारा के बेटे एवं उदयपुर ग्रामीण विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी विवेक कटारा के बीच फोन पर हुई बातचीत का ऑडियो सामने आया है। इसमें दोनों के बीच वार्डों में चुनावी सक्रियता को लेकर तीखी बहस सुनाई दे रही है।
ऑडियो में विवेक कटारा कथित तौर पर दिव्यानी से पूछते हैं कि वह किस हैसियत से वार्डों में जा रही हैं। इस पर दिव्यानी कहती हैं कि वह उदयपुर ग्रामीण और उदयपुर शहर दोनों विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी गतिविधियों में लगी हैं और कांग्रेस उनके खून में है। विवेक ग्रामीण विधानसभा को अपना घर बताते हैं, जबकि दिव्यानी इसे अपनी जन्मभूमि बताती हैं। बातचीत में डूंगरपुर को लेकर भी दोनों के बीच तीखी नोकझोंक होती है।
दिव्यानी कटारा का आरोप है कि बातचीत के दौरान उन्हें संगठनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई और उन्हें कांग्रेस से निकलवाने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विधानसभा किसी की बपौती नहीं है और टिकट का फैसला पार्टी का आलाकमान करता है। उन्होंने कहा कि वह संगठन के लिए काम कर रही हैं और मामले की जानकारी शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाई गई है।
वहीं विवेक कटारा ने धमकी देने के आरोप से इनकार किया। उनका कहना है कि उन्होंने करीब रात 10 बजे फोन केवल समझाने के लिए किया था। पार्टी कार्यकर्ताओं और ब्लॉक अध्यक्ष से मिले फीडबैक के आधार पर उन्होंने दिव्यानी से कहा कि यदि उन्हें ग्रामीण विधानसभा में पार्टी की जिम्मेदारी मिली है तो संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ जाकर काम करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में कोई बात होने पर संगठन उनसे जवाब मांग सकता है।