कोटड़ा, 4 सितंबर: कस्बे के जैन मंदिर में 18 जुलाई को हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस निरीक्षक प्रभुलाल मीणा ने बताया कि जेता पुत्र लखिया पारगी निवासी सड़ा बड़ला और भरत पुत्र पाथा पारगी निवासी बक्सा को पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले गुजरात के खेड़ब्रह्मा निवासी दुकानदार राकेश पुत्र देवीचंद सोनी को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार मंदिर से चुराई गई मूर्तियों के छत्र और आभूषणों को पिघलाकर सीलियां बना दी गई थीं। पुलिस ने इन्हें बरामद किया। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।