होली खेलने निकला, अस्पताल से आई मौत की खबर
राजसमंद, 7 अप्रैल : होली के दौरान हुए शराब विवाद ने एक युवक की जान ले ली। राजनगर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में पुलिस ने 34 दिन से फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
4 मार्च को राजनगर निवासी सतवीर सिंह चौधरी होली खेलने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। दोपहर में परिजनों को सूचना मिली कि उसे गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया है, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि होली के दौरान शराब पार्टी में बोतल को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान तीन युवकों ने सतवीर के साथ मारपीट की। पोस्टमॉर्टम में पेट सहित शरीर पर गंभीर चोटें मिलने की पुष्टि हुई, जो मौत का कारण बनीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। एक बाल अपचारी को पहले ही डिटेन किया जा चुका था। वहीं मुख्य आरोपी लोकेश माली और नाथूलाल माली घटना के बाद से फरार थे, जिन्हें अब गिरफ्तार कर लिया गया है।