डूंगरपुर, 14 जुलाई: डूंगरपुर जिले के भंडारिया पानीदरा गांव में तालाब के पास खेल रहे दो मासूम पानी से भरे गड्ढे में डूब गए। हादसे में 10 वर्षीय नरेंद्र की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय संगीत की हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने नरेंद्र को मृत घोषित कर दिया, जबकि संगीत को पीआईसीयू में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे तालाब के निकट खेलते समय अचानक गहरे गड्ढे में गिर गए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कीटनाशक पीने से बुजुर्ग की मौत
डूंगरपुर, 14 जुलाई: डूंगरपुर जिले के सरोदा थाना क्षेत्र के गड़ा वासन गांव में कीटनाशक दवा के सेवन से 66 वर्षीय बुजुर्ग चनजी परमार की उपचार के दौरान मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार वह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। 10 जुलाई को घर में अकेले होने के दौरान उन्होंने कीटनाशक पी लिया। हालत बिगड़ने पर पहले सरोदा, फिर सागवाड़ा और बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चार दिन इलाज के बाद उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। सरोदा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।