77.95 प्रतिशत मतदान, कपासन में सर्वाधिक और भूपालसागर में सबसे कम वोटिंग; दुबई से आए युवाओं ने भी डाले वोट
उदयपुर, 5 नवम्बर: चित्तौड़गढ़ जिले में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को पांच पंचायत समितियों की 160 ग्राम पंचायतों में मतदान शांतिपूर्ण माहौल के बीच छिटपुट विवादों के साथ संपन्न हुआ। जिले में औसतन 77.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कपासन पंचायत समिति में सर्वाधिक 83.49 प्रतिशत, जबकि भूपालसागर में सबसे कम 71.33 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान के दौरान चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की बस्सी ग्राम पंचायत में सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। इसमें पूर्व भाजपा बस्सी मंडल अध्यक्ष गोपाल चौबे ने प्रत्याशी के प्रतिनिधि रतनलाल जागेटिया पर हमला करवाने का आरोप लगाया। वहीं, भूपालसागर पंचायत समिति के एक मतदान केंद्र पर फर्जी मतदान की अफवाह फैलने के बाद ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा। इसके बाद मामला शांत हुआ।
उधर, भदेसर क्षेत्र के नपानिया गांव में दुबई से आए युवाओं ने मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई। उन्होंने बताया कि मतदान करने के लिए दुबई से आए हैं और अगले दिन वापस रवाना हो जाएंगे।