रिमझिम बारिश से खिला उदयपुर, दो दिन और बरसेंगे बादल

Share

31.8 डिग्री पर थमा पारा, मौसम विभाग ने बिजली चमकने के साथ हल्की बारिश की जताई संभावना
उदयपुर, 1 अगस्त:
शनिवार को उदयपुर में दिनभर मौसम का मिजाज बदला रहा। सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच दोपहर और शाम को रुक-रुककर हुई हल्की बारिश से शहर का मौसम सुहावना हो गया। ठंडी हवाओं ने उमस से राहत दिलाई और झीलों की नगरी का नजारा भी खिल उठा।
दोपहर में करीब 15 मिनट तक बारिश हुई, जबकि शाम सात बजे के बाद शहर के विभिन्न इलाकों में फिर हल्की फुहारों का दौर शुरू हो गया। शनिवार को शहर का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. देवड़ा ने बताया कि अगले दो दिनों तक उदयपुर में हल्के बादल छाए रहने, बिजली चमकने तथा रुक-रुककर हल्की वर्षा होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि वातावरण में नमी अधिक रहने से उमस का असर भी बना रहेगा।
जल संसाधन विभाग के कंट्रोल रूम के अनुसार शनिवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटे में जिले के मदार और देवास क्षेत्र में सर्वाधिक एक-एक इंच बारिश दर्ज की गई। उदयसागर क्षेत्र में 8 मिलीमीटर तथा उदयपुर शहर में 1 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इससे पहले शुक्रवार देर रात हुई बारिश से भी तापमान में गिरावट आई थी।