अस्मिता लीग चैम्पियन बनी उदयपुर टीम

Share

जिंक फुटबॉल एकेडमी की खिलाड़ियों ने फाइनल में दिखाया दम, झुंझुनू को 3-1 से हराया
उदयपुर, 9 मई:
उदयपुर की डीएफए टीम ने राजसमंद के भाणा में आयोजित अंडर-16 अस्मिता लीग चैम्पियनशिप का खिताब जीत लिया। फाइनल मुकाबले में डीएफए उदयपुर ने डीएफए झुंझुनू को 3-1 से हराया। टीम की इस जीत में जिंक फुटबॉल एकेडमी की खिलाड़ियों की अहम भूमिका रही।
फाइनल में साक्षी और मीनू का शानदार प्रदर्शन: 18 सदस्यीय विजेता टीम में 10 खिलाड़ी जिंक फुटबॉल एकेडमी और दो खिलाड़ी जिंक फुटबॉल कम्युनिटी स्कूल से थीं। फाइनल में मिडफील्डर साक्षी ने दो गोल किए, जबकि मीनू ने एक गोल दागकर टीम को जीत दिलाई। गोलकीपर प्रतिज्ञा को पूरे टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर चुना गया।
पूरे टूर्नामेंट में दिखाया दमदार खेल
उदयपुर टीम ने पहले मुकाबले में डीएफए जोधपुर को 5-0 से हराया और सेमीफाइनल में डीएफए नागौर को 3-0 से शिकस्त दी। 2017 में स्थापित जिंक फुटबॉल एकेडमी अब तक 5 हजार से अधिक युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे चुकी है। यह लड़कियों के लिए देश की सबसे बड़ी आवासीय फुटबॉल अकादमियों में शामिल है।