एचपीसीएल के साथ अनुबंध, देशभर के पेट्रोल पंपों पर खुलेंगे “द टी टेबल कैफे”
उदयपुर, 10 मई: उदयपुर की प्रसिद्ध चाय ब्रांड मंगल चाय घर अब देशभर में अपने खास स्वाद की पहचान बनाने जा रही है। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के साथ हुए अनुबंध के तहत देशभर के एचपी पेट्रोल पंपों पर “द टी टेबल कैफे” नाम से कियोस्क मॉडल कैफे शुरू किए जाएंगे। यहां ग्राहकों को मंगल चाय घर की विशेष स्वाद वाली चाय उपलब्ध कराई जाएगी।
रविवार को शहर में सोजतिया ज्वेलर्स के पीछे “द टी टेबल कैफे” का उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी, युवा और चाय प्रेमी शामिल हुए।
मुख्य प्रबंधक धर्मेंद्र वैष्णव ने बताया कि यह साझेदारी उदयपुर के स्थानीय स्वाद को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम है। वर्तमान में मंगल चाय घर के देशभर में 105 आउटलेट संचालित हो रहे हैं।
किशनलाल रेबारी ने बताया कि “द टी टेबल कैफे” आधुनिक सुविधाओं और पारंपरिक स्वाद का अनूठा संगम होगा। वहीं आकाश वैष्णव ने कहा कि इस पहल से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और उदयपुर की चाय संस्कृति को नई पहचान मिलेगी। कार्यक्रम में हेमन्त जोशी, भानु प्रताप सिंह चौहान, प्रशान्त वैष्णव, चिराग जोशी, खुशवंत श्रीमाली आदि मौजूद थे।