उदयपुर, 25 जून: उदयपुर के चीरवा स्थित श्रृंग ऋषि आश्रम में विराजित दिगम्बर खुशाल भारती महाराज इस वर्ष अपना 17वां विशाल सनातनी चातुर्मास नवी मुंबई में करेंगे। गुरुवार को उदयपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि 27 जुलाई से 22 नवंबर तक खारघर स्थित चातुर्मास स्थल पर चार माह तक विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महाराज ने कहा कि चातुर्मास केवल साधु-संतों की परंपरा नहीं, बल्कि समाज में धर्म, संस्कृति और संस्कारों के संवर्धन का महत्वपूर्ण अवसर है।
चातुर्मास के दौरान महाशिवपुराण कथा, श्रीमद्भागवत कथा, श्रीराम कथा, नवरात्रि महोत्सव, सहस्त्र चंडी पाठ तथा 108 कुंडीय मां बगलामुखी महायज्ञ सहित कई आयोजन होंगे। उन्होंने बताया कि देश-विदेश से पीठाधीश्वर, महामंडलेश्वर, संत-महात्मा और श्रद्धालु इसमें भाग लेंगे। आयोजन के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था भी रहेगी।