अल्ट्राटेक ने 200 मिलियन टन क्षमता का आंकड़ा पार किया

Share

तीन नई यूनिट्स शुरू, भारत में सीमेंट उत्पादन क्षमता 200.1 एमटीपीए पहुंची
उदयपुर, 21 अप्रैल
: UltraTech Cement ने भारत में 200 मिलियन टन प्रति वर्ष (MTPA) स्थापित सीमेंट निर्माण क्षमता का आंकड़ा पार कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। आदित्य बिड़ला समूह की इस प्रमुख कंपनी ने देश में तीन नई सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट्स शुरू की हैं, जिनकी कुल क्षमता 8.7 मिलियन टन प्रति वर्ष है। इसके साथ ही अल्ट्राटेक बिक्री और क्षमता के आधार पर चीन को छोड़कर दुनिया की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी बन गई है।
कंपनी द्वारा नई ग्राइंडिंग यूनिट्स शाहजहांपुर, पतरातू और विशाखापट्टनम में स्थापित की गई हैं। इन संयंत्रों को रणनीतिक रूप से ऐसे क्षेत्रों में लगाया गया है जहां निर्माण और औद्योगिक विकास तेजी से बढ़ रहा है। इससे उत्तर भारत, झारखंड और आंध्र प्रदेश के निर्माण क्षेत्रों को बेहतर आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
नई इकाइयों के शुरू होने के बाद भारत में अल्ट्राटेक की कुल उत्पादन क्षमता 200.1 एमटीपीए हो गई है, जबकि वैश्विक स्तर पर इसकी संयुक्त क्षमता 205.5 एमटीपीए तक पहुंच गई है। इसमें संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और श्रीलंका में संचालित इकाइयों की 5.4 एमटीपीए क्षमता भी शामिल है। कंपनी के अनुसार भारत में बनने वाले हर तीन घरों में से एक में अल्ट्राटेक का सीमेंट उपयोग होता है। राष्ट्रीय राजमार्गों और मेट्रो परियोजनाओं में भी इसकी बड़ी हिस्सेदारी है। यह उपलब्धि देश के बुनियादी ढांचा विकास और निर्माण क्षेत्र में कंपनी की मजबूत भूमिका को दर्शाती है।