मुख्यमंत्री के नेतृत्व में स्वच्छ और विकसित राजस्थान की दिशा में तेज़ी से बढ़ रहा प्रदेश: के.के. गुप्ता

Share

बीकानेर में निकाय अधिकारियों की बैठक, स्वच्छता कार्यों में लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस के निर्देश
बीकानेर/जयपुर, 16 अप्रैल:
स्वच्छ भारत मिशन (शहर) के तहत राजस्थान सरकार द्वारा नियुक्त प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर के.के. गुप्ता ने गुरुवार को बीकानेर जिला परिषद सभागार में नगर निगम बीकानेर सहित जिले के सभी शहरी निकायों के अधिकारियों की बैठक लेकर स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान स्वच्छ, समृद्ध और विकसित राज्य बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, और स्वच्छता कार्यों में अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया स्वच्छ भारत मिशन केवल सफाई अभियान नहीं बल्कि विकसित भारत की नींव है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसे प्रदेश की प्राथमिकता बनाते हुए जीरो टॉलरेंस नीति लागू की है, जिसके तहत हर निकाय के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि अधिकारियों की जवाबदेही तय की गई है और हर स्तर पर समीक्षा हो रही है।
गुप्ता ने निकायों को चार श्रेणियों में बांटकर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि घर-घर कचरा संग्रहण, नाइट स्वीपिंग, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई, प्लास्टिक थैली पर रोक और खाली प्लॉट्स की सफाई जैसे पांच बिंदुओं पर विशेष फोकस किया जाए। साथ ही स्ट्रीट लाइट, पार्कों की सफाई, अवैध मांस दुकानों पर कार्रवाई और सरकारी संपत्तियों पर पोस्टर हटाने जैसे कार्यों में भी सुधार के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि डूंगरपुर मॉडल की तर्ज पर अब राजस्थान मॉडल तैयार किया जा रहा है, जिससे प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री की पारदर्शी नीतियों और सख्त मॉनिटरिंग से प्रदेश में सुशासन मजबूत हुआ है और स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाने की दिशा में प्रभावी काम हो रहा है।