विजयदान देथा राष्ट्रीय राजस्थानी संगोष्ठी 26 – 27 सितम्बर को

Share

उदयपुर, 22 सितम्बर: राजस्थानी भाषा-साहित्य के ख्यातनाम कथाकार पद्मश्री विजयदान देथा की साहित्य साधना पर साहित्य अकादेमी एवं मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के राजस्थानी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 26 – 27 सितम्बर को विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस स्थित बप्पा रावल सभागार में आयोजित किया जायेगा। ज्ञातव्य है कि प्रदेश में इस वर्ष ख्यातनाम कथाकार विजयदान देथा की जन्मशती समारोहपूर्वक मनाई जा रही है।
राजस्थानी विभागाध्यक्ष डाॅ. सुरेश सालवी ने बताया कि मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर (डाॅ) कैलाश डागा के मुख्य आतिथ्य एवं साहित्य अकादेमी में राजस्थानी परामर्श मंडल संयोजक एवं ख्यातनाम कवि-आलोचक प्रोफेसर (डाॅ) अर्जुनदेव चारण की अध्यक्षता में इस राष्ट्रीय संगोष्ठी का उदघाटन 26 सितम्बर को प्रात 10:30 बजे होगा। इस अवसर पर सामाजिक विज्ञान एवं मानविकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रोफेसर (डाॅ) नीरज शर्मा विशिष्ट अतिथि एवं साहित्य अकादेमी के सचिव वरूण गुलाटी स्वागताध्यक्ष होंगे।
दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में राजस्थानी भाषा-साहित्य के प्रतिष्ठित कवि-आलोचक डाॅ.गजेसिंह राजपुरोहित, डाॅ.कुंजन आचार्य, डाॅ.महिपाल सिंह राव, श्री ज्योतिपुंज एवं डाॅ.सुरेश सालवी विभिन्न साहित्यिक सत्रों की अध्यक्षता करेंगे । इन तकनीकी सत्रों में डाॅ. विष्णुसिंह लखावत, डाॅ.सीमा देवड़ा, डाॅ. प्रकाशदान चारण, डाॅ.पूजा रतनू , श्रीमती किरण बाला, श्रीरामचन्द्र लुहार, डाॅ.रावल राम पंवार, सुश्री निकिता शेखावत, डाॅ.गीता सामौर एवं डाॅ.शिवबोधी विविध साहित्यिक विषयों पर आलोचनात्मक शोध-आलेख प्रस्तुत करेंगे।
समापन समारोह : दो दिवसीय राष्ट्रीय राजस्थानी संगोष्ठी का समापन समारोह राजस्थानी भाषा साहित्य एवं संस्कृति अकादेमी के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रतिष्ठित रचनाकार डाॅ. देव कोठारी के मुख्य आतिथ्य एवं साहित्य अकादेमी में राजस्थानी परामर्श मंडल के पूर्व संयोजक एवं प्रतिष्ठित कवि-कथाकार मधु आचार्य की अध्यक्षता में 27 सितम्बर को दोपहर पश्चात 4:30 बजे सम्पन्न होगा। संगोष्ठी संयोजक डाॅ. सुरेश सालवी धन्यवाद ज्ञापित करेंगे। निःसंदेह इस दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी में पद्मश्री विजयदान देथा के जीवन एवं सृजन पर आलोचनात्मक दृष्टि से शोधपरक नवीन जानकारी उजागर होगी।