‘आप पहले से अधिकारी हैं, फिर RAS क्यों?’ जैसे सवालों का आत्मविश्वास से दिया जवाब बना सफलता की कुंजी
चित्तौड़गढ़, 18 अप्रैल: चित्तौड़गढ़ जिले के सादी गांव निवासी विनोद चौधरी ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा-2024 में 54वीं रैंक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश के आगरा में कृषि विभाग में प्रविधिक अधिकारी के पद पर कार्यरत विनोद ने इंटरव्यू में पूछे गए कठिन सवालों का आत्मविश्वास और स्पष्ट सोच के साथ जवाब देकर चयन सुनिश्चित किया।
इंटरव्यू के दौरान उनसे पूछा गया कि “जब आप पहले से सरकारी अधिकारी हैं, तो RAS में क्यों आना चाहते हैं?” विनोद ने जवाब दिया कि सिविल सेवा में व्यापक स्तर पर कई विभागों के साथ काम करने का अवसर मिलता है, जिससे समाज के लिए अधिक प्रभावी योगदान दिया जा सकता है। उनके इस उत्तर से इंटरव्यू पैनल प्रभावित हुआ।
‘एकात्म मानववाद’ पर पूछे गए सवाल के जवाब में विनोद ने सामाजिक, आर्थिक और आध्यात्मिक संतुलन को विकास का आधार बताया। उन्होंने कहा कि केवल भौतिक प्रगति पर्याप्त नहीं, बल्कि संतुलित विकास ही समाज को आगे बढ़ा सकता है। यह उत्तर उनके इंटरव्यू का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।
किसान परिवार से आने वाले विनोद ने गांव में प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और बाद में उदयपुर से कृषि अभियांत्रिकी में बीटेक किया। नौकरी के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए उन्होंने पहले प्रयास में 569वीं रैंक हासिल की, लेकिन संतोष न होने पर दोबारा मेहनत की और इस बार 54वीं रैंक लेकर सफलता पाई।
विनोद की सफलता इस बात का उदाहरण है कि स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर किसी भी चुनौती को सफलता में बदला जा सकता है।