फतहनगर की जामा मस्जिद परिसर में दो गुटों में खूनी संघर्ष, 8 से अधिक घायल

Share

सामुदायिक भवन के विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस ने दर्ज किए क्रॉस केस
उदयपुर, 22 जून:
उदयपुर जिले के फतहनगर स्थित जामा मस्जिद परिसर में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद दो गुटों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और लोहे की सरियों से हमला कर दिया, जिससे आठ से अधिक लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्ष आमने-सामने होकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मस्जिद परिसर में स्थित एक सामुदायिक भवन के कब्जे और प्रबंधन को लेकर दोनों गुटों के बीच चर्चा चल रही थी। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और एक पक्ष वहां से बाहर निकल गया। आरोप है कि कुछ लोग पास में चल रहे निर्माण कार्य स्थल से डंडे और सरिए लेकर आए तथा दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और मस्जिद के बाहर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फतहनगर थानाधिकारी चंद्रशेखर किलानिया ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। एक पक्ष की ओर से शब्बीर भाटी तथा दूसरे पक्ष की ओर से अब्बार हुसैन ने रिपोर्ट दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर चुनाव को लेकर मतभेद और रंजिश
पुलिस के अनुसार दोनों गुटों के बीच करीब डेढ़ वर्ष पहले हुए सदर (अध्यक्ष) चुनाव के बाद से ही मतभेद और रंजिश चली आ रही है। कई बार समाज के वरिष्ठजन, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस ने समझौते के प्रयास किए, लेकिन विवाद समाप्त नहीं हो सका। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।