उदयपुर, 18 जुलाई: राजकीय बालिका विद्यालय, आयड़ में जल संरक्षण अभियान के तहत छात्राओं को ‘जल मॉनिटर’ नियुक्त कर उन्हें जल बचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
कार्यक्रम में वरिष्ठ जल संरक्षण विशेषज्ञ डॉ. पी.सी. जैन ने वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से जल संकट, वर्षा जल संचयन और भूजल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जल मॉनिटर विद्यालय, घर और आसपास के क्षेत्र में जल संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करेगी तथा अपनी कक्षा की अन्य छात्राओं को भी पानी की हर बूंद बचाने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने बताया कि सभी जल मॉनिटरों के लिए प्रतिमाह ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने “जल बचाएं-भविष्य बचाएं” का संकल्प लिया। प्रधानाचार्य रंजना शर्मा ने स्वागत तथा जल संरक्षण प्रभारी प्रावर्शी श्रीमाली ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर नर्मदा कुंवर, पिंकी कंवर, वर्णिका साहू, करीना चौधरी, लक्षिता वैष्णव सहित 13 छात्राओं को जल मॉनिटर बनाया गया।