ठंडी हवाओं से राहत, कई इलाकों में हल्की बारिश
\उदयपुर, 7 अप्रैल : उदयपुर और सलूंबर जिले में मंगलवार दोपहर बाद मौसम ने करवट ली और कई क्षेत्रों में हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं चलने लगीं। शहर सहित ग्रामीण इलाकों में बादल छाए रहे और शाम होते-होते मौसम सुहावना हो गया।
खेरवाड़ा कस्बे में करीब आधे घंटे तक रुक-रुक कर बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी भर गया और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बारिश के साथ चली तेज हवाओं ने गर्मी और उमस से राहत दिलाई। वहीं सलूंबर जिले के सेमारी क्षेत्र में भी हल्की बारिश दर्ज की गई।
डबोक मौसम केंद्र के अनुसार उदयपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिन की तुलना में कम है। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, हालांकि तेज हवाओं के कारण जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित भी हुआ।