जिसे ढूंढ रहे थे नहीं मिला, तो तीन बेटों को उठा ले गई पुलिस

Share

कोटड़ा थाना पर आरोप: पत्नी से अभद्रता, बच्चों को छोड़ने के बदले पिता को पेश होने की धमकी
उदयपुर, 27 मार्च:
कोटड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस पर गंभीर आरोप लगे हैं। गांव झेर निवासी वना ने शिकायत में बताया कि 26 मार्च की रात पुलिस उसे तलाशने घर पहुंची, लेकिन उसके नहीं मिलने पर उसके तीन बेटों—दिलीप (30), जीगर (20) और संदीप (17)—को जबरन उठाकर थाने ले गई। आरोप है कि जाते समय पुलिसकर्मियों ने पत्नी राडकी से अभद्र भाषा में बात की और धमकी दी कि वना के थाने आने पर ही बच्चों को छोड़ा जाएगा।
पत्नी से अभद्रता, बच्चों को ले जाने का आरोप
वना के अनुसार घटना के समय वह घर पर नहीं था। पुलिसकर्मी जीप में पहुंचे और उसके बारे में पूछताछ की। जानकारी नहीं होने पर नाराज पुलिस ने कथित रूप से गालियां दीं और तीनों बेटों को अपने साथ ले गई। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
पुराने मामले से जुड़ा विवाद
बताया गया कि 4 जनवरी 2026 को पानरवा थाने में दर्ज गांजा बरामदगी मामले की जांच कोटड़ा थाना कर रहा है। वना का दावा है कि उसका इस केस से कोई संबंध नहीं है, फिर भी उसे लगातार थाने बुलाया जा रहा था। उसने 17 मार्च को पुलिस अधीक्षक को निष्पक्ष जांच के लिए आवेदन भी दिया था।
मामले ने पकड़ा तूल
माकपा जिला सचिव राजेश सिंघवी के साथ वना ने एसपी से मुलाकात कर कार्रवाई की मांग की। सिंघवी ने आरोप लगाया कि आदिवासी क्षेत्रों में निर्दोष लोगों पर दबाव बनाकर वसूली की जा रही है। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।